रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर विपक्ष ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान हटिया से भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वास्तव में छात्रों के हितैषी हैं, तो उन्हें तत्काल जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितता मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

नवीन जायसवाल ने कहा कि नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में नौकरियों के नाम पर करोड़ों रुपये की वसूली की जा रही है।

भाजपा विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।