रांची: जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इस पूरे मामले में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
जयराम महतो ने मांग की कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराई जाए और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) की गतिविधियों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार इन तीनों मांगों को स्वीकार कर कार्रवाई करती है तो आंदोलनरत छात्र अपना आंदोलन स्थगित करने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा के मानसून सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रस्तावित वार्ता पर जयराम महतो ने कहा कि बातचीत पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि छात्रों का भरोसा कायम रहे और पूरे मामले का निष्पक्ष समाधान निकल सके।