रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बुधवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
14 प्लाटून करेंगी परेड, ओडिशा पुलिस की होगी पहली भागीदारी

इस वर्ष समारोह की परेड में कुल 14 प्लाटून हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि पहली बार ओडिशा पुलिस की टुकड़ी भी परेड का हिस्सा बनेगी। इसके अलावा झारखंड सशस्त्र पुलिस, जिला पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ तथा एनसीसी कैडेट्स भी अपनी भागीदारी निभाएंगे।
पंडाल, मंच और बैठने की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश
डीसी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भवन प्रमंडल को मोरहाबादी मैदान में दर्शकों के लिए दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी और पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मैदान का समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मुख्य मंच और साउंड सिस्टम के लिए आवश्यक टावर का निर्माण समय पर पूरा करने को कहा गया है।
उपसमाहर्ता को समारोह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के साथ मुख्य मंच और आमंत्रित अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिजली, पेयजल और शौचालय की रहेगी विशेष व्यवस्था

उपायुक्त ने विद्युत कार्य प्रमंडल को निर्बाध बिजली आपूर्ति और साउंडप्रूफ जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, वीआईपी शौचालय तथा परेड में शामिल कैडेट्स के लिए अस्थायी शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया।
सड़क, सफाई और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में मोरहाबादी मैदान तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर और अग्निशमन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
समय-सीमा में पूरे होंगे सभी कार्य
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता और तत्परता से निभाते हुए सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी करें, ताकि 15 अगस्त का राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।