रांची: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने निजाम नगर स्थित मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उनके शीशे चकनाचूर कर दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक-एक कर कई वाहनों को निशाना बनाया। क्षतिग्रस्त वाहनों में विभिन्न कंपनियों की कारें शामिल हैं। स्थानीय निवासी इमरान की कार भी बदमाशों के निशाने पर रही, जिसके शीशे पूरी तरह तोड़ दिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह लोगों को लगी घटना की जानकारी
मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक घरों से बाहर निकले तो अपनी गाड़ियों की टूटी हालत देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। लगातार कई वाहनों में तोड़फोड़ से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात किसी एक व्यक्ति ने की या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है। हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अरुण महता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।