Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज नेमरा में भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे सीएम हेमंत सोरेन…

रांची/रामगढ़: झारखंड आंदोलन के जननायक, राज्य गठन के प्रमुख शिल्पकार और पद्मभूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। उनके पैतृक गांव नेमरा में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

गोला प्रखंड के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान हजारों लोगों की मौजूदगी में दिशोम गुरु की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन 4 अगस्त 2025 को हुआ था। उनकी पहली पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि पर नेमरा एक बार फिर श्रद्धा, सम्मान और जनसैलाब का केंद्र बनने जा रहा है। पूरे राज्य की नजर आज इस ऐतिहासिक आयोजन पर टिकी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top