भोगापुरम (आंध्र प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (1 अगस्त) आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। करीब 4,750 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एयरपोर्ट राज्य के विभाजन के बाद बनने वाला पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जिसे नए आंध्र प्रदेश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:45 बजे विशेष विमान से भोगापुरम पहुंचेंगे, जहां राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू उनका स्वागत करेंगे। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
उत्तर आंध्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
भोगापुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को उत्तर आंध्र के पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश के लिए गेम चेंजर परियोजना माना जा रहा है। राज्य सरकार का दावा है कि इस एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और निर्यात गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। गठबंधन सरकार ने सत्ता में आने के बाद इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया।
भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंच के साथ दो सहायक मंच बनाए गए हैं और करीब तीन लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरे कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

एयरपोर्ट की प्रमुख खूबियां
- दो अत्याधुनिक रनवे, प्रत्येक 3.8 किलोमीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा, जहां एयरबस और बोइंग जैसे बड़े विमानों का संचालन संभव होगा।
- 5,000 वर्गमीटर का कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन, जिसकी वार्षिक हैंडलिंग क्षमता 25,000 टन है। इससे फार्मास्यूटिकल्स, एक्वाकल्चर और समुद्री उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
- 79,000 वर्गमीटर में फैला दो-स्तरीय पैसेंजर टर्मिनल, जिसमें आधुनिक चेक-इन सिस्टम, प्राकृतिक रोशनी, विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय मानकों का बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया गया है।
भोगापुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से आंध्र प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।