Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

नगड़ी में बनेगा मॉडल पैकहाउस और कृषि प्रसंस्करण केंद्र किसानों को मिलेगा राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच…

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में कई अहम फैसले लिए, मधुमक्खी पालन के लिए बनेगी समर्पित वेबसाइट।

रांची: झारखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने रांची के नगड़ी में फलों और सब्जियों के लिए मॉडल एकीकृत पैकहाउस एवं कृषि-प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने का फैसला लिया है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने गुरुवार को उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी। इस केंद्र के बनने से किसानों को वैज्ञानिक भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और बेहतर मार्केटिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी उपज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेगी।

बैठक में मंत्री ने मधुमक्खी पालन योजना के लिए एक समर्पित वेबसाइट विकसित करने का भी निर्देश दिया। इस वेबसाइट पर योजना से जुड़े किसानों की प्रोफाइल, उनकी सफलता की कहानियां और मधु उत्पादों की मार्केटिंग से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि दूसरे किसान भी इससे प्रेरित हो सकें।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने हाईटेक नर्सरी सह उद्यानिकी पार्क की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने और इसके लिए आईसीएआर-आईआईएचआर, बेंगलुरु से विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) प्राप्त कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा गोधन न्याय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, उद्यानिकी आधारित खेती में प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने तथा क्लस्टर आधारित विकास मॉडल अपनाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही उद्यान निदेशालय के सभी सहायक निदेशकों को अलग-अलग प्रमंडलों की जिम्मेदारी देकर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और क्षेत्र भ्रमण के निर्देश दिए गए।

बैठक में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के उद्यानिकी क्षेत्र को तकनीक-संपन्न, आत्मनिर्भर और किसानोन्मुख बनाना है। उन्होंने कहा कि किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक मजबूत व्यवस्था उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top