रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रत्येक लाभुक के खाते में 7,500 रुपये भेजे गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस मद में कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है। राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से लाभुकों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिल रहा है।
रांची जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला। कांके प्रखंड में सर्वाधिक 31,094 महिलाओं के खातों में राशि पहुंची। इसके अलावा टाउन अर्बन, मांडर, सिल्ली, बेड़ो, चान्हो, रातू, तमाड़, बुढ़मू, नगड़ी, ओरमांझी और नामकुम सहित अन्य प्रखंडों की पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला।
हालांकि बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इन क्षेत्रों की सभी पात्र महिलाओं के खातों में भी जल्द सम्मान राशि भेज दी जाएगी।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शेष सभी पात्र लाभुकों का भुगतान भी जल्द सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी और आधार लिंकिंग की स्थिति अद्यतन रखें, ताकि भविष्य में मिलने वाली किस्तों का भुगतान बिना किसी बाधा के सीधे उनके खातों में हो सके।