कोलकाता: पश्चिम बंगाल के चर्चित बारुईपुर रेप मामले में बुधवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य आरोपी प्रबाश मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फायरिंग की और मौके से भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात आरोपी को घटना स्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और एक राउंड फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा और आरोपी को रोकने के लिए जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें प्रबाश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि और घटनास्थल की परिस्थितियों को समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया जा रहा था। इसी दौरान यह घटनाक्रम हुआ। पुलिस ने कहा है कि मुठभेड़ की पूरी घटना की नियमानुसार जांच कराई जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।