रांची: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित होने वाले रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि रथ यात्रा महोत्सव 16 जुलाई 2026 से शुरू होगा। साथ ही महोत्सव की तैयारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं की भावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया गया। समिति ने मुख्यमंत्री से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए रथ यात्रा महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिनिधिमंडल में जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष एन. एन. पांडे, प्रथम सेवायत ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सचिव प्रसन्न कुमार, सदस्य गोपाल उपाध्याय, नीतू देवी, कमल ठाकुर तथा सहयोगी अमरदीप कौशल शामिल रहे।