जमशेदपुर: शहर में बढ़ते अपराध और हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ट्रैफिक पुलिस में लंबे समय से तैनात 43 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें विभिन्न थानों, क्राइम कंट्रोल रूम (CCR) और पुलिस लाइन में पदस्थापित किया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह फैसला शहर में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और थानों में पुलिस बल की कमी को दूर करने के उद्देश्य से लिया गया है। कई अधिकारियों को साकची, टेल्को, घाटशिला, गोविंदपुर, आजादनगर, पटमदा, मुसाबनी, डुमरिया समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में भेजा गया है, जबकि कई पदाधिकारियों को CCR में तैनाती दी गई है।
इतना ही नहीं, शहर के सभी ट्रैफिक थानों से 5-5 सिपाहियों को भी विभिन्न थानों में स्थानांतरित किया गया है, ताकि गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, हाल के दिनों में शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और करनी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस की बड़ी संख्या को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में लगाया गया था। अब एसएसपी के इस बड़े फैसले को शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अतिरिक्त बल मिलने से थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, लेकिन लगातार बढ़ रहे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना अब भी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रहेगा।