रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को गति देने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्वयं अपने आवास पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित BLO को सौंपा। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय रहते अपना सत्यापन पूरा कराने की अपील की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सीमित समय में अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के सभी घरों तक पहुंचकर इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और संग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में जब भी BLO आपके घर आएं, तो यथासंभव उसी समय अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित उन्हें सौंप दें।
उन्होंने सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने BLO से संपर्क कर जल्द से जल्द अपना एवं अपने परिवार का सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

के. रवि कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि “एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से न छूटे और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।” इस लक्ष्य को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।इस अवसर पर 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के AERO सुदीप्त राज, संबंधित BLO अन्नु कच्छप, बीएलओ सुपरवाइजर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर भी उपस्थित रहे।