रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कई ERO, AERO और BLO को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश भी दिया गया।बैठक में सभी निर्वाचन पदाधिकारियों, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा कराएं।उन्होंने सभी BLO को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 6 बजे से घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और संग्रहण करें, ताकि अधिक से अधिक मतदाता घर पर मिल सकें। इसके बाद दिन के दूसरे हिस्से में संग्रहित फॉर्म का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।