Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

देवघर में मुखिया के ठिकानों पर आईटी का बड़ा एक्शन सुबह सुबह दो जगह छापेमारी वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच जारी…

देवघर: झारखंड के देवघर जिले में शनिवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहनपुर प्रखंड की बलथर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई देर तक जारी रही, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, भागलपुर, धनबाद और देवघर से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने बलथर गांव स्थित पैतृक आवास और देवघर शहर के बैजनाथपुर स्थित आवास पर एक साथ दबिश दी। दोनों स्थानों पर अलग-अलग टीमें दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बिहार से जुड़े एक आयकर मामले के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, आयकर विभाग ने अब तक छापेमारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों परिसरों पर बड़ी संख्या में आयकर अधिकारियों के साथ सशस्त्र सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अधिकांश जवान बिहार से बुलाए गए हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, जिले के जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच भी इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top