रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने विज्ञापन संख्या 04/2024 के तहत आयोजित झारखंड वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, अभ्यर्थी अब अपना रिजल्ट JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

आयोग ने बताया कि मुख्य (लिखित) परीक्षा का आयोजन 22 और 24 जनवरी 2026 को किया गया था। परीक्षा के मूल्यांकन के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। साथ ही आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की टंकण या तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, तो उसे संशोधित करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के लिए अगला चरण शारीरिक मापदंड जांच (Physical Standard Test – PST) होगा। यह प्रक्रिया 22, 23, 24 और 25 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
आयोग ने कहा है कि PST का स्थान, समय और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। सफल अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे नियमित रूप से JPSC की वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें।