नशे के खिलाफ दौड़ा झारखंड: युवाओं ने मैराथन में लिया नशामुक्त राज्य बनाने का संकल्प”
“मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक मैराथन, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ”
रांची, 25 जून 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड में नशामुक्ति अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में गुरुवार को राजधानी रांची में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजनों को मादक पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित मैराथन दौड़ को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का हर कदम झारखंड को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना है कि झारखंड नशामुक्त राज्य बने और युवा वर्ग इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।
मैराथन में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सरकारी अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं ने यह संदेश दिया है कि स्वस्थ, सबल और जागरूक युवा ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और सहभागिता से झारखंड को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाया जा सकता है।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
मैराथन के समापन पर अल्बर्ट एक्का चौक में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
साइकिल प्रतियोगिता पुरुष वर्ग
गोल्ड शरद अहीर
सिल्वर सुभाष उरांव
कांस्य गुलशन डूंगडूंग
साइकिल प्रतियोगिता महिला वर्ग
गोल्ड पूजा सिंह
सिल्वर निशा कुमारी
कांस्य मंजू कुमारी
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति अभियान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
मैराथन स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई जागरूकता प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर पड़ने वाले उसके असर को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
राजधानी रांची में आयोजित यह आयोजन केवल एक खेल गतिविधि नहीं बल्कि नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना जगाने का सशक्त अभियान साबित हुआ। युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यह संकेत दिया कि झारखंड का युवा वर्ग राज्य को नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।