पटना: बिहार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। Moogy Foods Private Limited को वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र गोरौल फेज-1 में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की स्वीकृति मिल गई है। करीब ₹17.25 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना से लगभग 200 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

यह स्वीकृति बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, BIADA एवं AIDA, कुंदन कुमार ने की। समिति ने राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए इस परियोजना को मंजूरी प्रदान की।
प्रस्तावित इकाई करीब 2 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी, जहां कुरकुरे, पफ्स और अन्य रेडी-टू-ईट स्नैक उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे बिहार में खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धित उत्पादों के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को राज्य के औद्योगिक विकास का प्रमुख आधार बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
वहीं उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बढ़ता निवेश बिहार की औद्योगिक प्रगति को नई रफ्तार देगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा।