रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत के बाद मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। सोमवार को वे अपने परिवार के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित प्रसिद्ध दिउड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि दिउड़ी मंदिर उनकी अटूट आस्था का केंद्र है। राज्यसभा सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मां का आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि मां उन्हें जनता की सेवा करने की शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करें।
बैद्यनाथ राम ने कहा कि झामुमो नेतृत्व और झारखंड की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस विश्वास पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड के विकास, जनहित और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राज्यसभा में मजबूती से उठाएंगे।
इस दौरान तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा भी उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। समर्थकों ने राज्यसभा सांसद बनने पर बैद्यनाथ राम को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
बैद्यनाथ राम का यह दौरा राजनीतिक जिम्मेदारी के साथ-साथ उनकी धार्मिक आस्था को भी दर्शाता है। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने राज्य और जनता की खुशहाली के लिए मां से आशीर्वाद मांगा।