रांची: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय 21 जून (रविवार) को खुले रहेंगे। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) ने राज्य के सभी जिलों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं…

जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक योग दिवस से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। साथ ही अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में योगाभ्यास, जागरूकता गतिविधियां और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हालांकि इस दिन विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन नहीं किया जाएगा।
विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रम से संबंधित प्रतिभागियों की संख्या, फोटोग्राफ और अन्य विवरण निर्धारित गूगल शीट में अपलोड करें, ताकि राज्य स्तर पर समेकित रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को भेजी जा सके।
शिक्षा विभाग ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में सभी विद्यालय इस कार्यक्रम को गंभीरता और उत्साह के साथ आयोजित करें।