रांची: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी देशभर में छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू करने जा रहे हैं। कांग्रेस ने परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी।

कई शहरों में होंगे छात्र सम्मेलन
कांग्रेस महासचिव के . सी . वेन्यूगोपाल के अनुसार, कोटा के बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शिक्षकों, शिक्षाविदों और विभिन्न युवा संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
पेपर लीक और परीक्षा विवादों पर रहेगा फोकस
कांग्रेस का कहना है कि हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। छात्र सम्मेलनों के माध्यम से प्रभावित युवाओं को अपनी बात रखने का मंच दिया जाएगा और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी।
देशभर में चलाया जाएगा व्यापक जनसंपर्क अभियान
पार्टी ने बताया कि इस अभियान के तहत एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस और संगठन के विभिन्न इकाइयों के माध्यम से छात्रों तक पहुंच बनाई जाएगी। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और युवा केंद्रों में संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ा जाएगा।
युवाओं के भविष्य को लेकर उठेंगे सवाल
कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनाने की कोशिश है। पार्टी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों की मांग को लेकर आवाज बुलंद करेगी।