जामताड़ा: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस पार्टी के बीएलओ-2 और कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया और आगामी चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे। इसके लिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहने, मतदाताओं से संपर्क करने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। साथ ही घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा के राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा है।
इस दौरान डॉ. अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि नेहरू ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने भेल, सेल, मैथन डैम और चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना जैसी संस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये आज भी देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी कोई बड़ी उपलब्धि नहीं बता सकती जिसे ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में याद किया जाए। उनके अनुसार, आज देश जिस आधारभूत संरचना पर आगे बढ़ रहा है, उसकी नींव पंडित नेहरू के समय में रखी गई थी।
बैठक में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, प्रभु मंडल, विजय दुबे, इरशाद उल हक अर्शी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने पर भी विस्तृत चर्चा की गई।