रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को झारखंड का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।

इससे पहले कांग्रेस ने झारखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उनके नाम की घोषणा के साथ ही महागठबंधन की ओर से एक सीट पर उम्मीदवार तय हो चुका है। अब पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के बाद कांग्रेस चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को रांची पहुंचेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, उनका आगमन दोपहर में रांची एयरपोर्ट पर होगा। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सह-पर्यवेक्षक अजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
रांची प्रवास के दौरान दोनों नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश नेताओं और महागठबंधन के सहयोगी दलों के साथ राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से चुनावी समन्वय और संगठनात्मक तैयारियों को और मजबूती मिलेगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर लगातार मंथन जारी है और आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण बैठकें भी हो सकती हैं।