रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज राजधानी रांची में ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज विभाग के कामकाज और योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक 25 मई से 11 जून तक चल रही विभागीय समीक्षा श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें राज्य सरकार विभिन्न विभागों की प्रगति और योजनाओं की स्थिति की समीक्षा कर रही है।

यह अहम बैठक झारखंड मंत्रालय में आयोजित होगी। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सचिव स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार बैठक में ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जमीनी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने की है। ऐसे में मनरेगा, ग्रामीण सड़क, पंचायत सशक्तिकरण, आवास योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की संभावना है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के लक्ष्य, खर्च और उपलब्धियों की जानकारी भी ले सकते हैं। साथ ही लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और पंचायत स्तर पर योजनाओं में
पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। राज्य सरकार लगातार विभागीय समीक्षा बैठकों के जरिए विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण जनता तक पहुंच सके।