भविष्य चोर, गद्दी छोड़ : NEET पेपर लीक पर राजेश ठाकुर का केंद्र पर हमला
22 लाख छात्रों के सपनों से खिलवाड़, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नीट यूजी 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से केंद्र सरकार होनहार छात्रों का भविष्य “चुरा कर बेचने” का काम कर रही है।

राजेश ठाकुर ने कहा कि नीट परीक्षा रद्द होने से देश के करीब 22 लाख छात्रों और उनके परिवारों में भारी आक्रोश है। छात्रों की वर्षों की मेहनत, अभिभावकों की कमाई और उनके सपने भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खुला अन्याय है।
पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं साबित करती हैं कि देश की शिक्षा व्यवस्था को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नीट में 2016, 2021, 2024 और 2026 सहित कई बार पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं।
राजेश ठाकुर ने कहा कि केवल सीबीआई जांच की घोषणा करना पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में देशभर में 89 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि जनता को धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों से ऊपर उठकर अपने बच्चों के भविष्य के लिए आवाज बुलंद करनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, सभी दोषियों की गिरफ्तारी, छात्रों को हुए नुकसान की भरपाई और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।