भागलपुर: भागलपुर समाहरणालय (जिला विकास शाखा) की ओर से आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पंचायत स्तर पर समाधान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए 19 मई 2026 से सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाने का निर्देश दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की शिकायतों और आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया जा सके। शिविरों का आयोजन प्रत्येक प्रखंड के चयनित पंचायतों में किया जाएगा, जहां स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि शिविर की तिथि से 15 दिन पहले ही संबंधित प्रखंडों में कैंप लगाकर आवेदन प्राप्त किए जाएं और उनका विभागवार वर्गीकरण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी जाए। शिविर के दिन अधिकतम मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
इसके अलावा, शिविर स्थल पर बैठने, पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इन योजनाओं से जुड़ सकें।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों की सूची तैयार कर शिविर में उपलब्ध रहने का निर्देश दिया है। शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक ही किया जाए, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी व प्रभावी बन सके।