![]()
जहानाबाद में तीन दिन से लापता 30 वर्षीय युवक अरुण कुमार का शव बरामद हुआ है। शव परस बीघा थाना क्षेत्र के बदलू बीघा गांव के बधार से शुक्रवार सुबह मिला। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की भाभी अर्चना देवी के अनुसार, अरुण का गांव के ही एक व्यक्ति से गेहूं की पलारी जलाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद से ही अरुण कुमार लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। लापता होने की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी। शुक्रवार सुबह जब गांव के कुछ लोग बधार में गए, तो उन्होंने अरुण का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। परिजन ने गांव के शख्स पर लगाया हत्या का आरोप परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति से अरुण का विवाद हुआ था, उसी ने उनकी हत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अपराजिता लोहांन मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। एसपी अपराजिता लोहांन ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर किसी हथियार के निशान नहीं मिले हैं, इसलिए अभी हत्या की पुष्टि नहीं की जा सकती। मामले की गहन जांच के लिए एस्कॉर्ट डॉग बुलाया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Source link