रांची: राजधानी रांची में 05 मई से 11 मई 2026 तक आयोजित होने वाली भव्य “श्री शिव महापुराण कथा” को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इसी क्रम में “श्री शिवाला सेवा समिति” के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।
यह सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम सुकुरहुटू गौशाला फुटबॉल मैदान, रांची में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रतिदिन शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और इसकी विशेषताओं की जानकारी भी दी।

प्रतिनिधिमंडल में रमेश सिंह, रितेश कुमार, रवि राज, राहुल कुमार और सनद कुमार सहित कई सदस्य शामिल थे। मुलाकात के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने को लेकर भी चर्चा हुई।
आयोजकों का कहना है कि आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और वे भक्ति के माहौल में पूरी तरह डूब सकें।