बिहार ने लॉजिस्टिक्स में लगाई लंबी छलांग, LEADS 2025 में बना “High Performer”
LEADS 2025 में बिहार को “High Performers”श्रेणी में स्थान, पहले “Fast Mover” कैटेगरी में था राज्य।
लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक अवसंरचना और Ease of Doing Business में सुधार का मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान।
बिहार ने औद्योगिक विकास और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा जारी LEADS (Logistics Ease Across Different States) 2025 फ्रेमवर्क में बिहार को “High Performers” श्रेणी में स्थान मिला है।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि बिहार ने पिछली बार की “Fast Mover” श्रेणी से आगे बढ़ते हुए इस बार उच्च प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में जगह बनाई है। यह राज्य में लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम, औद्योगिक अवसंरचना, निवेश अनुकूल वातावरण और कारोबार सुगमता (Ease of Doing Business) में हुए सुधारों का प्रमाण माना जा रहा है।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बिहार सरकार उद्योग, निवेश और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में व्यापक सुधारों के जरिए राज्य को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार की बढ़ती क्षमता, बेहतर नीतियों और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि LEADS 2025 में “High Performers” श्रेणी में शामिल होना बिहार के लिए गर्व का विषय है। विभाग लॉजिस्टिक्स अवसंरचना, निवेश सुविधा और औद्योगिक कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार “विकसित बिहार” के लक्ष्य को लेकर उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।