Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

पटना मेट्रो और सैटेलाइट टाउनशिप पर सीएम सख्त तय समय में काम पूरा करने का निर्देश…

पटना: पटना में तेजी से विकसित हो रही मेट्रो, टाउनशिप और रिवरफ्रंट परियोजनाएं राज्य के शहरी विकास को नई दिशा देने वाली हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद अब इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

बिहार में बुनियादी ढांचे और शहरी विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पटना मेट्रो रेल परियोजना सहित सभी प्रमुख योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ‘संवाद’ स्थित सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में पटना मेट्रो रेल परियोजना, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना और जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने मेट्रो परियोजना में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक चुनौतियों, लागत वृद्धि और देरी के कारणों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही राज्य में प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप की प्रगति और जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी भी साझा की गई।

एयरपोर्ट से मेट्रो कनेक्टिविटी पर जोर

बैठक में पटना एयरपोर्ट को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) सिस्टम पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इसे एक उपयोगी और आधुनिक परिवहन प्रणाली बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों को निर्बाध और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।

11 सैटेलाइट टाउनशिप से बढ़ेगा शहरीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तेजी से शहरीकरण को बढ़ावा देने के लिए 11 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन योजनाओं पर चरणबद्ध तरीके से तेजी से काम करें और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करें।

जेपी गंगा पथ परियोजना पर विशेष फोकस

पथ निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तुत जानकारी के अनुसार, जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना दीघा से सभ्यता द्वार तक करीब 6 किलोमीटर लंबी होगी, जिसे 25 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

इस परियोजना में पार्किंग, ग्रीन स्पेस, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, खेल मैदान, महिला हाट और अन्य शहरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल और योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

सीएम ने किया ग्राउंड निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ का स्थल निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने दीघा, एलसीटी घाट और बांस घाट का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विकास कार्य इस तरह किए जाएं कि लोगों को सुरक्षा के साथ-साथ बेहतर अनुभव भी मिल सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top