रांची : झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

राजधानी रांची में आज अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है और कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है।
राज्य के दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि उत्तर-पश्चिमी जिलों में बारिश की संभावना अपेाकृत कम बताई गई है। झारखंड के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है, जबकि रात में भी उमस और गर्मी से लोगों को ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। वहीं अचानक बदलते मौसम से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।