रांची: महज 7 साल की उम्र में समुद्र की ऊंची लहरों को मात देकर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले इशांक सिंह को गुरुवार को हेमन्त सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

रांची के बाल तैराक इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट के 29 किलोमीटर लंबे समुद्री रास्ते को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इतनी कम उम्र में यह कारनामा करने के बाद इशांक देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इशांक सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर झारखंड का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ इशांक के परिवार की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। झारखंड की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इशांक आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को राज्य में तैराकी प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया। साथ ही इशांक सिंह के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, निदेशक खेल आसिफ इकराम समेत कई अधिकारी और खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।