पटना: बिहार में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार सुबह 10:30 बजे से अगले तीन घंटे के दौरान बेगूसराय, दरभंगा, खगड़िया, मधुबनी, पटना, समस्तीपुर, सारण, सुपौल और वैशाली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।
इन इलाकों में ज्यादा असर की संभावना
खगड़िया के अलौली, दरभंगा के केवटी रनवे, तारडीह, बेनीपुर और मनीगाछी समेत कई इलाकों में बारिश का अनुमान है। पटना जिले के अथमलगोला, खुसरूपुर, दनियावां, पंडारक, पुनपुन, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़ और संपतचक में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
बेगूसराय के गढ़पुरा, चेरिया बरियारपुर, डंडारी, नावकोठी, बखरी, बछवाड़ा, बरौनी, बलिया, भगवानपुर, वीरपुर और साहेबपुर कमाल में भी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मधुबनी के कई प्रखंडों, वैशाली के जंदाहा, देसरी, पातेपुर, बिदुपुर, महनार और राघोपुर तथा समस्तीपुर के पटोरी, मोरवा, मोहनपुर, मोहिउद्दीननगर, विद्यापतिनगर और सरायरंजन में भी बारिश की संभावना जताई गई है। सारण के सोनपुर में भी मौसम प्रभावित रह सकता है।
16 सितंबर को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 16 सितंबर को सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट रहने की संभावना है। हालांकि बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, नालंदा, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, गया, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास को इससे अलग रखा गया है।
बिहार में इस बार सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में इस मानसून सीजन के दौरान बारिश सामान्य से कम रही है। एक जून से एक सितंबर के बीच राज्य में 601.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम है।
उत्तर-पूर्वी बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में अपेक्षाकृत ज्यादा बारिश हुई। वहीं दक्षिणी और मध्य बिहार के कई हिस्सों में बारिश की कमी दर्ज की गई। पटना, गया, नालंदा और सारण जैसे जिलों में भी सामान्य से कम बारिश रही।
तापमान में भी राहत
बारिश और बदले मौसम के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।