रांची: झारखंड की महिला हॉकी को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। राजधानी रांची के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू हॉकी सेंटर की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी 5 से 14 जुलाई तक होने वाले इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस दौरे के दौरान भारतीय जूनियर महिला टीम कुल सात अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। यूरोपीय टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अनुभव मिलेगा, जिससे उनके खेल और आत्मविश्वास दोनों को नई मजबूती मिलेगी।
बरियातू हॉकी सेंटर लंबे समय से झारखंड में महिला हॉकी की प्रतिभाओं को निखारने का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से कई खिलाड़ी पहले भी भारतीय टीम तक पहुंच चुकी हैं। एक साथ तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय जूनियर टीम में चयन सेंटर की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का पल है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिनीमा, पार्वती और रोशनी भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन करेंगी।
वहीं, बरियातू हॉकी सेंटर की कोच करुणा पूर्ति ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। विदेशी दौरा उनके करियर के लिए बेहद अहम साबित होगा और उन्हें पूरा भरोसा है कि खिलाड़ी इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएंगी।
लगातार राष्ट्रीय टीम में झारखंड की खिलाड़ियों के चयन से यह साफ है कि राज्य, खासकर बरियातू हॉकी सेंटर, महिला हॉकी की नई प्रतिभाओं को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राज्य के युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।