चाईबासा: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से झारखंड-ओडिशा सीमावर्ती सारंडा क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटे से मौसम खराब बना हुआ है। गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश के साथ तेज ठंडी हवाएं और घना कोहरा छाया हुआ है। लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बारिश और ठंडी हवाओं के बीच स्कूली बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंचते नजर आए। वहीं, बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही। खराब मौसम का असर दुकानदारों की बिक्री पर भी पड़ा है।
कारो नदी में बढ़ा जलस्तर, लोहा पुलिया डूबी
लगातार हो रही बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है। पुलिया के ऊपर से कारो नदी का पानी बह रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है।
पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है। जलस्तर और बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क
स्थिति को देखते हुए गुवा प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान उसे पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और मछली पकड़ने के लिए नदी में नहीं जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।