रांची: झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में अत्याधुनिक रीजनल आई इंस्टीट्यूट (क्षेत्रीय नेत्र संस्थान) का भव्य उद्घाटन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संस्थान का शुभारंभ करते हुए इसे राज्य के लाखों मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बताया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक नेत्र संस्थान का उद्देश्य केवल आंखों का इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में नई रोशनी लाना है। उन्होंने कहा कि झारखंड के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रीजनल आई इंस्टीट्यूट अत्याधुनिक मशीनों, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और उन्नत चिकित्सा तकनीकों से लैस है। यहां मोतियाबिंद, रेटिना, ग्लूकोमा, कॉर्निया सहित आंखों की जटिल बीमारियों का विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा। इससे न केवल झारखंड बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड को स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है।

इसी दिशा में यह संस्थान एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।सरकार का मानना है कि इस संस्थान के शुरू होने से हजारों मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा उन्हें अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक इलाज की सुविधा मिल सकेगी।