रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही तेज बारिश का असर शहर के प्रमुख डैमों के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। कांके और रुक्का-गेतलसूद डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद फाटक खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। वहीं धुर्वा स्थित हटिया डैम का जलस्तर भी 36 फीट के पार पहुंच गया है। मौसम में आए बदलाव और लगातार हो रही बारिश के कारण रांची के तीनों प्रमुख डैमों के जलस्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
चौथी बार खोला गया कांके डैम का फाटक
लगातार बारिश के बाद कांके डैम का एक फाटक 6 इंच तक खोल दिया गया है। बताया गया कि 23 सितंबर से फाटक को 4 इंच तक खोला गया था, जिसे बाद में 2 इंच कर दिया गया था। अब तेज बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने पर इसे फिर से 6 इंच तक खोलना पड़ा।
कांके डैम के इंचार्ज नागेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, डैम का जलस्तर 28 फीट तक पहुंच गया था। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 7 बजे से अतिरिक्त पानी की निकासी बढ़ाई गई। इस मानसूनी सीजन में चौथी बार कांके डैम का फाटक खोला गया है।
गेतलसूद डैम के दो फाटक खुले
लगातार बारिश से रुक्का-गेतलसूद डैम का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा। 36 फीट क्षमता वाले डैम का जलस्तर 34.3 फीट पहुंचने के बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे दो फाटकों को 4-4 इंच तक खोल दिया गया।
रुक्का-गेतलसूद डैम के सहायक अभियंता जॉन बोदरा ने बताया कि इस सीजन में डैम का फाटक तीसरी बार खोला गया है। यह डैम रांची के बड़े हिस्से में पेयजल की आपूर्ति करता है और राजधानी की करीब आधी आबादी को यहां से पानी मिलता है।
हटिया डैम का जलस्तर 36 फीट के पार
धुर्वा स्थित हटिया डैम का जलस्तर भी 36 फीट के निशान को पार कर गया है। डैम की कुल क्षमता 39 फीट है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पानी का स्तर गेट की ऊंचाई से नीचे है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा के लिहाज से और पानी के साथ कचरा बाहर निकलने के लिए स्क्रबर वाल्व पहले ही खोल दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर और डैम की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर
बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी में तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित है, वहीं डैमों में तेजी से पानी की आवक बढ़ रही है। ऐसे में जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए जरूरत के मुताबिक फाटक खोले जा रहे हैं।