Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

देर रात सड़क पर उतरे रांची एसएसपी क्राइम हॉटस्पॉट से सुनसान इलाकों तक लिया जायजा गश्ती बढ़ाने के निर्देश…

रांची: शहर की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर रांची पुलिस ने निगरानी और गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में बुधवार देर रात एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के साथ शहर के कई इलाकों का औचक निरीक्षण किया। वरीय अधिकारियों ने संवेदनशील और सुनसान इलाकों के साथ-साथ उन स्थानों का भी जायजा लिया, जहां पूर्व में आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं।

क्राइम हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी

देर रात क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली और अरगोड़ा थाना क्षेत्र समेत कई संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। मुंडला पहाड़ सहित ऐसे स्थानों पर भी पुलिस टीम पहुंची, जहां अड्डेबाजी, नशाखोरी, छिनतई और अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं।

एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील इलाकों में केवल औपचारिक पेट्रोलिंग तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से भौतिक निगरानी भी सुनिश्चित करें। संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर नजर रखने के साथ किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया है।

मुंडला पहाड़ में छापेमारी, अवैध शराब बरामद

निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने मुंडला पहाड़ इलाके में छापेमारी भी की। कार्रवाई में अवैध शराब बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में नशाखोरी, अड्डेबाजी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर सख्ती जारी रहेगी।

बड़ा तालाब इलाके में भी बढ़ेगी गश्ती

अपर बाजार स्थित बड़ा तालाब और आसपास के इलाकों का भी वरीय पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया। यहां पूर्व में हुई चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्ती और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को संवेदनशील स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

डिवाइडर कट पर लगेंगे स्लाइडिंग बैरियर

देर रात के निरीक्षण के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने ऐसे डिवाइडर कट को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जहां वाहनों की अनियंत्रित क्रॉसिंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। ट्रैफिक एसपी के साथ चर्चा के बाद ऐसे स्थानों पर स्लाइडिंग बैरियर लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अनावश्यक क्रॉसिंग को रोका जा सके।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ऑटो और अन्य वाहनों को लेकर भी पुलिस ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। नो-पार्किंग और अनधिकृत पार्किंग वाले स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माना और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था की निगरानी

एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, वरीय अधिकारियों के देर रात सड़क पर उतरने का उद्देश्य शहर की जमीनी कानून-व्यवस्था को समझना और पुलिस गश्ती को अधिक प्रभावी बनाना है। पुलिस का फोकस क्राइम हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग मजबूत करने, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर है। थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top