नई दिल्ली: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। पीएम मोदी ने कहा कि यह लक्ष्य देश के 140 करोड़ नागरिकों के सामूहिक प्रयास और मेहनत से हासिल किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत को छोटे सपनों तक सीमित नहीं रहना है। देश को बड़े लक्ष्य तय करने होंगे और उन्हें पूरा करने के लिए मजबूत इरादे के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लेता है, तो इससे दुनिया में भारत की ताकत और क्षमता का संदेश जाता है।
आत्मनिर्भर भारत पर जोर
लाल किले से पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत को देश की बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि भारत को दूसरे देशों पर निर्भरता कम करते हुए अपनी क्षमताओं को मजबूत करना होगा। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘लोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों से देशवासियों को जुड़ने का आह्वान किया।
सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भरता की ओर भारत
प्रधानमंत्री ने तकनीक और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को भी भारत की आत्मनिर्भरता के लिए बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरण और ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम समेत आधुनिक तकनीक में चिप्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी के मुताबिक, देश में तीन बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट पहले ही स्थापित हो चुके हैं और वहां से एक्सपोर्ट के लिए उत्पादन भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 7 से 8 वर्षों में 5 से 8 और सेमीकंडक्टर प्लांट काम शुरू कर सकते हैं।