रांची: रांची में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। शहर के 53 वार्डों में स्थित 176 पूजा पंडालों को 9 जोन में बांटा गया है। पूजा के दौरान पंडालों और आसपास के इलाकों में तीन शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी।
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को स्वच्छता, विद्युत और जलापूर्ति शाखा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में पूजा समितियों के साथ समन्वय, साफ-सफाई, बिजली, पानी और आवागमन समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
तीन शिफ्ट में होगी सफाई
नगर निगम की ओर से पूजा पंडालों और उनके आसपास तीन शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। कर्मी नियमित रूप से पंडालों का निरीक्षण करेंगे और पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सफाई व्यवस्था को बेहतर रखेंगे। अपर नगर आयुक्त ने खुले नालों को स्लैब से ढंकने का भी निर्देश दिया है। साथ ही पंडालों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों और विसर्जन स्थलों पर भी विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
9 जोन में बांटे गए 176 पूजा पंडाल
पूजा के दौरान नगर निगम के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए शहर के 53 वार्डों के 176 पूजा पंडालों को 9 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों को दी गई है।
नगर निगम की टीमें पंडालों का निरीक्षण करेंगी और पूजा समितियों की जरूरतों के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगी।
विसर्जन के लिए तालाबों में बनेंगे कुंड
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम की ओर से तालाबों में विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य जलाशयों की स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखना है। इसके अलावा पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि रात के समय श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
बड़ा तालाब और मेन रोड के लिए विशेष टीम
नगर निगम ने बड़ा तालाब, अपर बाजार और मेन रोड क्षेत्र पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया है। इन इलाकों में ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।