रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और आज यानी 31 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ बना चक्रवाती परिसंचरण ऊपरी वायुमंडल तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
इसके अलावा मानसून ट्रफ भी झारखंड के आसपास सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी और मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राज्य में बादल छाए हुए हैं और बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
31 अगस्त को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। वहीं सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। संथाल परगना को छोड़कर राज्य के कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
1 सितंबर को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
1 सितंबर को भी झारखंड में बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं। सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला के आसपास कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी के संकेत
2 सितंबर को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 और 5 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।

झारखंड में सामान्य से 8 फीसदी कम बारिश
राज्य में इस मानसून सीजन में अब तक औसत बारिश सामान्य से थोड़ी कम रही है। 1 जून से 30 अगस्त 2026 के बीच झारखंड में औसतन 729.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 792.5 मिलीमीटर है। इस लिहाज से राज्य में बारिश करीब 8 फीसदी कम रही है। हालांकि मौसम विभाग के मानकों के अनुसार राज्य का कुल वर्षापात अभी सामान्य श्रेणी में है।
जिलावार स्थिति देखें तो पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 48 फीसदी और लातेहार में 23 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं 10 जिलों में बारिश सामान्य स्तर पर रही है।
दूसरी ओर पाकुड़, देवघर, कोडरमा, गढ़वा, गिरिडीह, चतरा, गोड्डा, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, साहिबगंज और पलामू में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।