रांची: लंबे इंतजार के बाद रांची होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जिला प्रशासन ने झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर होमगार्ड नियुक्ति परीक्षा की मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के सफल महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की प्रखंडवार चयन सूची भी सार्वजनिक कर दी गई है।

मेरिट लिस्ट जारी होने के साथ ही प्रशासन ने उम्मीदवारों को राहत देते हुए आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चयन सूची को लेकर कोई शिकायत या आपत्ति है, तो वह अगले 15 दिनों के भीतर अपना दावा पेश कर सकता है।
कटऑफ भी जारी, जानें किस वर्ग के लिए कितने अंक:
जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रखंडों के लिए अलग-अलग श्रेणियों का कटऑफ निर्धारित किया गया है। शहरी क्षेत्र के गैर-तकनीकी पुरुष वर्ग के लिए 27 अंक, जबकि गैर-तकनीकी महिला वर्ग के लिए 34 अंक कटऑफ तय किया गया है। रिक्त पदों के आधार पर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की गई है।
आपत्ति दर्ज कराने के लिए अपनानी होगी यह प्रक्रिया…
उपायुक्त सह गृह रक्षक नामांकन समिति के अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि मेरिट सूची पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों को स्वयं उपस्थित होना होगा। शिकायत दर्ज करते समय पहचान पत्र और हस्ताक्षरित पावती प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि के भीतर सभी आपत्तियों का निष्पादन भी किया जाएगा।
फर्जी प्रमाण पत्र मिले तो तुरंत कटेगा नाम
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी के प्रमाण पत्र या दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं, तो उसकी उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी। ऐसे मामलों में मेरिट सूची में अगले स्थान पर मौजूद उम्मीदवार को मौका दिया जाएगा।
अब आगे क्या होगा?
आपत्तियों के निपटारे के बाद चयनित अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन अलग से सूचना जारी करेगा। गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और परिणाम प्रकाशित करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद मेरिट लिस्ट जारी की गई है।