रांची: झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत और खुशखबरी दोनों साथ आई है। लंबे इंतजार के बाद राज्य के 1018 चयनित अभ्यर्थियों को इसी महीने नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा है… 29 जून को आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.

राजधानी रांची में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है… चयनित अभ्यर्थियों में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए चुने गए शिक्षक शामिल हैं… भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक औपचारिक कार्य लगभग पूरे कर लिए गए हैं, जिसके बाद नियुक्ति पत्र वितरण का रास्ता साफ हो गया है.
राज्य सरकार लगातार स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए नियुक्ति अभियान चला रही है…हाल के वर्षों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली की गई है और अब नए चयनित उम्मीदवारों को भी सेवा का अवसर मिलने जा रहा है.
सरकार का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करना है।
दूसरी ओर माध्यमिक स्तर की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। संबंधित भर्ती परीक्षा के तहत विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। निर्धारित तिथियों पर सत्यापन पूरा होने के बाद आगे की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि लगातार हो रही नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ छात्रों को मिलेगा। राज्य में चल रही यह भर्ती प्रक्रिया शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.