गया: पितृपक्ष मेले के दौरान फल्गु नदी के देव घाट पर आयोजित किया जा रहा लेजर लाइट शो फिलहाल बंद कर दिया गया है। शो देखने के लिए हर दिन उमड़ रही भारी भीड़ के कारण रबर डैम फुट ओवर ब्रिज पर अत्यधिक दबाव की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जन सुरक्षा के मद्देनजर लेजर शो को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
फुट ओवर ब्रिज पर उमड़ी भारी भीड़
लेजर शो शुरू होते ही देव घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचने लगे थे। भीड़ बढ़ने के कारण देव घाट के साथ-साथ गया जी रबर डैम के फुट ओवर ब्रिज पर भी लोगों का दबाव काफी बढ़ गया।
स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालात को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर फुट ओवर ब्रिज के पास अर्धसैनिक बलों के जवानों की भी तैनाती करनी पड़ी।
अत्यधिक भीड़ के कारण कुछ लोगों के बेहोश होने की भी सूचना सामने आई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से किसी बड़े हादसे को टाल लिया गया।
रबर डैम पर बढ़ गया था अत्यधिक दबाव
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के अनुसार, संध्या समय देव घाट पर आयोजित लेजर शो के दौरान देव घाट और गया जी डैम के फुट ओवर ब्रिज पर अप्रत्याशित भीड़ जुट रही थी। जल संसाधन विभाग की ओर से भी रबर डैम के फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ के अत्यधिक दबाव को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
प्रशासन को आशंका थी कि लगातार बढ़ती भीड़ से रबर डैम और फुट ओवर ब्रिज पर सुरक्षा संबंधी खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए लेजर शो को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्णय लिया गया।
अगले आदेश तक लेजर शो स्थगित
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देव घाट पर आयोजित लेजर शो को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। नगर निगम गयाजी की ओर से भी इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल शाम के समय देव घाट पर लेजर लाइट शो देखने के लिए भीड़ न जुटाएं।
गया की धार्मिक विरासत को दिखाया जा रहा था
पितृपक्ष मेले के दौरान शुरू किए गए इस लेजर शो का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गया जी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराना था। रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक के जरिए फल्गु नदी के महत्व, पिंडदान की परंपरा और माता सीता द्वारा राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी धार्मिक मान्यता को दर्शाया जा रहा था।
लेजर शो की जानकारी फैलने के बाद गया के अलावा बिहार और झारखंड के आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंच रहे थे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल शो पर रोक लगा दी है।