रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

सोमवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम समेत शहर के अलग-अलग इलाकों से विधानसभा की ओर कूच करने लगे। छात्रों का दावा है कि कई छात्र रात में ही अलग-अलग रास्तों और निजी वाहनों, ऑटो समेत अन्य साधनों से विधानसभा के आसपास पहुंच गए थे।
500 से ज्यादा छात्र हिरासत में
विधानसभा घेराव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रांची में 500 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। हिरासत में लिए गए छात्रों को बसों में बैठाकर कैंप जेल ले जाया जा रहा है।
वहीं, ओल्ड विधानसभा के पास सरदार पटेल की प्रतिमा के समीप भी बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

दूसरे राज्यों से भी पहुंचे छात्र
आंदोलनकारी छात्रों का दावा है कि झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे हैं। छात्रों के मुताबिक, दूसरे राज्यों से आए छात्र भी आंदोलन के समर्थन में उनके साथ खड़े हैं।
छात्रों का कहना है कि वे JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के आरोपों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

वार्ता विफल होने के बाद बढ़ा आंदोलन
रविवार को सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच हुई बातचीत से कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का निर्णय लिया। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।