रांची: राजधानी रांची में बुधवार को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें मोरहाबादी मैदान के पास ही रोक दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने वहीं धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।
आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं। वे झारखंड आंदोलनकारियों की पहचान, सम्मान, पेंशन समेत अन्य मुद्दों पर सरकार से ठोस निर्णय की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा का अभेद घेरा
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मोरहाबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे घटनाक्रम की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं कर रहे हैं।
रैपिड एक्शन फोर्स से लेकर फायर ब्रिगेड तक तैनात
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, एसआईआरबी सहित कई सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, विशेष वाहन और आंसू गैस दस्ता भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण
प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से मोरहाबादी मैदान में ही रोक दिया गया है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।
फिलहाल राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है और आंदोलन के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।