पटना: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी के मामले में पीड़िता के परिवार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। लोक सेवक आवास पर हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने पीड़िता की पढ़ाई जारी रखने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया।
पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट परिवार
पीड़िता की मां ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। उनके अनुसार, तीन आरोपियों को 24 से 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी नंदन यादव के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। परिवार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है। पीड़िता की मां ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़े जाने की जानकारी दी गई है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। टीम वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
स्पीडी ट्रायल का भरोसा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परिवार को भरोसा दिया कि दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए मामले में स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से सुनवाई में तेजी लाने के लिए अदालत से समन्वय की तैयारी की जा रही है।
पीड़िता से जुड़ा वीडियो शेयर नहीं करने की अपील
पुलिस ने लोगों से नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले वीडियो या अन्य सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसी सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट और प्रोफाइल पर भी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।