रांची: राजधानी रांची में जारी छात्र आंदोलन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने धरना स्थल पर अतिरिक्त डॉक्टरों की 24×7 तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आंदोलनरत छात्रों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने RIMS के निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा और रांची के सिविल सर्जन अमरेंद्र प्रसाद को आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने दोनों अधिकारियों से धरना स्थल की स्थिति का नियमित जायजा लेने और स्वास्थ्य संबंधी हर स्थिति की जानकारी रखने को कहा है।
अस्पताल में तैयार रहेगा 10 बेड का विशेष वार्ड
डॉ. इरफान अंसारी ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में 10 बेड का विशेष वार्ड बैकअप के तौर पर तैयार रखने का भी निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर आंदोलन स्थल से आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है।
बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर
स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलन स्थल पर मौजूद बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी बच्चे में बुखार, बदन दर्द, सिरदर्द या प्लेटलेट्स में कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कर आवश्यक चिकित्सा कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू किया जाए।

‘आपात स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कमी न रहे’
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने में विभाग की ओर से कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए डॉक्टरों की तैनाती से लेकर अस्पतालों में बेड और जरूरी चिकित्सा व्यवस्था तक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।