रांची :दिल्ली में निवेश और एमओयू की चर्चा के बीच झारखंड की राजनीति भी गरमा गई है। बीजेपी ने हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार निवेश के नाम पर सिर्फ प्रचार कर रही है, जबकि सात साल में राज्य को एक भी बड़ा उद्योग नहीं मिला। बीजेपी ने सरकार से निवेश यात्राओं का पूरा हिसाब भी मांगा है।

“निवेश नहीं… सिर्फ प्रचार!”
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार पिछले सात वर्षों से उद्योग और निवेश के नाम पर झारखंड की जनता को गुमराह कर रही है। सरकार लगातार देश-विदेश में निवेशकों से मुलाकात और दौरे कर रही है, लेकिन आज तक राज्य में कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हो पाया। उन्होंने निवेश यात्राओं और कार्यक्रमों पर हुए खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
“निवेशक क्यों आएंगे झारखंड?”
संदीप वर्मा ने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहा है, कानून व्यवस्था बदहाल है और रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए। ऐसे माहौल में कोई नया निवेशक झारखंड में निवेश करने की रुचि क्यों दिखाएगा? उनका कहना था कि पहले सरकार को राज्य का माहौल सुधारना चाहिए, तभी उद्योग लगेंगे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
“सिंगल विंडो सिस्टम पर सवाल”
बीजेपी ने सरकार के सिंगल विंडो सिस्टम के दावे पर भी सवाल उठाए। संदीप वर्मा ने कहा कि पहले से स्थापित उद्योगों को भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। राजधानी रांची तक में लगातार बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में चल रहे निवेश कार्यक्रम की जानकारी तक राज्य के वित्त मंत्री को नहीं है, जिससे सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि हेमंत सरकार निवेश के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है और जनता को भ्रमित कर रही है। हालांकि, इन आरोपों पर सरकार की प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है।