दिल्ली : दिल्ली स्थित झारखंड भवन में पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम का परिवार करीब कई घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। घटना 29 सितंबर की बताई जा रही है। लिफ्ट में फंसने के दौरान पूर्व सांसद के बेटे-बहू समेत परिवार के छह सदस्य बेहोश हो गए। सभी को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पूर्व सांसद घूरन राम के अनुसार, परिवार के सदस्य काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहे, लेकिन मौके पर कोई लिफ्ट इंजीनियर या टेक्नीशियन मौजूद नहीं था। बाद में रेस्टोरेंट में काम करने वाले लोगों ने लिफ्ट तोड़कर सभी को बाहर निकाला। इस दौरान परिवार के छह सदस्य बेहोश हो चुके थे।
घूरन राम ने पुराने झारखंड भवन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं और कर्मचारी भी मौजूद नहीं रहते। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर मदद नहीं मिलने से बड़ी घटना हो सकती थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू और गढ़वा के लोगों ने पूर्व सांसद से बातचीत कर परिवार का हाल जाना। फिलहाल पूर्व सांसद और उनका परिवार दिल्ली में ही है और सभी का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
घूरन राम मूल रूप से गढ़वा के रहने वाले हैं। उन्होंने 2007 में लोकसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर पलामू संसदीय क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। फिलहाल वह भाजपा में हैं।