रांची: झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार है। 26 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले 135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आधिकारिक निमंत्रण दिया गया।

गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-23 आईबीजी मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को 26 जुलाई से रांची में आयोजित होने वाले डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण सौंपा।

डूरंड कप एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल है। रांची में इसके आयोजन से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ फुटबॉल प्रेमियों को भी उच्च स्तरीय मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।